गरियाबंद

गुरु अज्ञानता के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश देते हैं- महेश यादव
02-Aug-2025 7:07 PM
गुरु अज्ञानता के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश देते हैं- महेश यादव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 2 अगस्त। नगर पंचायत राजिम अंतर्गत स्थित शासकीय उच्चतर कन्या माध्यमिक विद्यालय में 4 शिक्षक कवल राम साहू, हीरालाल गिलहरे, मान सिंह साहू, पवन मानस सेवानिवृत्त हो गए तथा एक शिक्षिका जूली क्रिस्टीना का स्थानांतरण अतिशेष होने के कारण अन्यत्र हो गया। अत: उन सभी शिक्षकों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति अध्यक्ष देवकी साहू, नपं. अध्यक्ष की पत्नी स्वर्णलता यादव, पार्षद प्रतिनिधि सोमनाथ पटेल, भरत यादव, आकाश राजपूत, एवं पार्षद प्रतिनिधि उत्तम निषाद मुख्य रूप से उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की  पूजा-अर्चना के साथ हुआ। तत्पश्चात सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महेश यादव ने कहा कि हम सभी के विकास में गुरुओं का बहुत बड़ा योगदान है। गुरु अज्ञानता के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश प्रदान करते हैं। गुरु हमें ईश्वर तक पहुँचने का मार्ग दिखाते हैं, इसलिए हम सभी को गुरुओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विदाई का अर्थ बहुत ही मार्मिक दु:ख होता है। आज हमारे बीच से पांच शिक्षकों का चले जाना विद्यालय के लिए एक क्षति है।

नगर पंचायत उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर ने कहा कि गुरु अपना पूरा जीवन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में समर्पित कर देते हैं। सेवानिवृत्ति एक शासकीय प्रक्रिया है, जिसका पालन शिक्षक करते हैं। वास्तव में सेवानिवृत्ति के बाद शिक्षकों का कार्यक्षेत्र बहुत बढ़ जाता है। वे समाज के विकास में अपनी पूरी शक्ति लगा सकते हैं।

विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष देवकी साहू ने कहा कि विदाई का नाम सुनते ही आंखों में आँसू आ जाते हैं। हमारे विद्यालय से विदा हो रहे शिक्षक बहुत अनुभवी और अनुशासित रहे हैं। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थी आज निरंतर आगे बढ़ रहे हैं और बड़े पदों पर पहुंचे हैं। उनका सेवानिवृत्त होना और हमें छोडक़र चले जाना हम सभी के लिए दु:ख और वियोग का क्षण है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक संतोष शर्मा ने किया। कार्यक्रम का स्वागत भाषण प्राचार्य कृष्ण कुमार यदु ने दिया और आभार शिक्षक विवेक शर्मा ने व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से उमेश राठौर, ढालेंद्र साहू, योगेश्वरी देवांगन, नरेंद्र साहू, नीरा तिवारी, किरण शर्मा, अनुपमा ठाकुर सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट