गरियाबंद
.jpg)
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 19 जुलाई। गरियाबंद जिला अंतर्गत बहुप्रतिक्षित पिपरछेड़ी जलाशय परियोजना अब मूर्त रूप लेने वाली है। राजिम विधायक रोहित साहू के निरंतर प्रयासों से यह महत्वपूर्ण कार्य अब फलीभूत होने वाली है।
लगभग 50 वर्षों की मांग अब विधायक रोहित साहू के प्रयासों से 85 करोड़ रूपये की राशि से पूर्ण होगी। विदित हो कि यह जलाशय परियोजना लगभग 50 वर्षों से प्रस्तावित है जिसके लिए वर्ष 1977 में तत्कालीन मध्यप्रदेश शासन द्वारा 29.99 लाख रूपये की स्वीकृति प्राप्त हुई थी। छग राज्य गठन उपरांत वर्ष 2003 में पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति लगभग 9 करोड़ 65 लाख की प्राप्त हुई थी। किंतु वन अधिनियम के चलते नहर उदवहन तथा शीर्ष कार्य बंद था जबकि लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका था।
विगत दिनों सुशासन तिहार के अवसर पर छुरा ब्लॉक के ग्राम मड़ेली में आयोजित समाधान शिविर में पहुँचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष राजिम विधायक रोहित साहू ने जनभावनाओं से अवगत कराते हुए इस महत्वपूर्ण परियोजना को पूर्ण करने का आग्रह किया था जिस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 85 करोड़ रूपये की घोषणा उक्त जलाशय परियोजना के लिए किया था। अब इसकी प्रशासकीय स्वीकृति 84 करोड़ 94 लाख 6 हजार रुपए शासन द्वारा प्राप्त हुई है। जिसके बनने के उपरांत 08 गाँवों पिपरछेड़ी, खड़मा, मड़ेली, करकरा, रानी परतेवा, कोरासी, बिहावझोला एवं कुरेकेरा की 1558 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
इस स्वीकृति पर विधायक रोहित साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जलसंसाधन विभाग के मंत्री केदार कश्यप एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार जताया और हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी सरकार किसानों के हित में कार्य करने हेतु प्रतिबद्ध हैं। जब भी किसानों की बात आएगी हम प्राथमिकता के साथ किसानों की सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य करेंगे। अब सिर्फ कोरे आश्वासन नहीं बल्कि सुशासन के संकल्पित सरकार प्रदेश में है जो हमने बनाया है और हम ही संवारेंगे की तर्ज पर कार्य कर रही है। इससे हमारे क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा और किसान खुशहाल होंगे। अरसे से किसानों के संघर्ष का फल अब भाजपा सरकार में संभव हुआ है।