गरियाबंद

ईद उल अजहा भाईचारे के साथ मनाया
08-Jun-2025 9:35 PM
ईद उल अजहा भाईचारे के साथ मनाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 7 जून। ईद उल अजहा (बकरीद) का त्योहार गरियाबंद में पूरी आस्था और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह 9 बजे शहर के ईदगाह भाटा मैदान में नमाज अदा की गई। नमाज मौलाना पेश इमाम द्वारा अदा कराई गई, जिसमें गरियाबंद सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए।

इस मौके पर विशेष नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन की दुआ की। नमाज के बाद कुर्बानी की प्रक्रिया शुरू हुई, जो इस्लाम धर्म के अनुयायियों द्वारा हजरत इब्राहिम की कुर्बानी की याद में दी जाती है।

अमीन मेमन ने कहा- बकरीद का त्योहार हमें त्याग और सच्ची भक्ति की मिसाल देता है। यह दिन हमें बताता है कि खुदा की राह में किसी भी तरह की कुर्बानी छोटी नहीं होती। हर साल हम इस दिन को आपसी सौहार्द और जरूरतमंदों की मदद के लिए मनाते हैं।

हमारे लिए यह सिर्फ त्योहार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी का दिन होता है। कुर्बानी का गोश्त तीन हिस्सों में बांटा जाता है। गरीबों, रिश्तेदारों और खुद के लिए, ताकि समाज में बराबरी बनी रहे और सभी इस खुशी में शामिल हो सकें। देशभर की तरह गरियाबंद में भी बकरीद का त्योहार शांति, सद्भाव और धार्मिक भावनाओं के साथ मनाया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

मस्जिद बाजार चौक और ईदगाह मैदान में नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव के नेतृत्व में निभाई गई। उन्होंने टीम के साथ मुस्तैदी से ड्यूटी संभाली और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित किया। श्री यादव ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हमारा प्रयास था कि लोग बिना किसी चिंता के अपने धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लें।


अन्य पोस्ट