गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 2 मई। रायपुर लोकसभा सांसद और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को उनके जन्मदिन पर बधाई देने वालों की तांता लगा रहा। राजिम क्षेत्र के भाजपा नेता श्याम अग्रवाल ने उनके निवास पहुंचकर बृजमोहन अग्रवाल को जन्मदिन की बधाई दी और उनकी दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की।
इस दौरान राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू भी विशेष रूप से मौजूद थे। श्री अग्रवाल ने बताया कि बृजमोहन अग्रवाल अजेय योद्धा हैं। वे आठ बार विधायक और एक बार सांसद बने। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन में चार बार कैबिनेट मंत्री का दायित्व संभाला है। जिसमें उन्होंने शिक्षा, नगरीय प्रशासन, संस्कृति, पर्यटन, जेल, जल संसाधन और धार्मिक न्यास एवं धार्मिक विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों में उल्लेखनीय कार्य कर छत्तीसगढ़ को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया है। अग्रवाल जी की नेतृत्व क्षमता, कार्य के प्रति समर्पण और जनता से सीधा संवाद उनकी लोकप्रियता का आधार है। उन्होंने सत्ता और विपक्ष दोनों में अपनी सक्रिय भागीदारी और भूमिका निभाई है। यही वजह है कि प्रदेश के कोने-कोने में बृजमोहन के चाहने वाले हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि आज राजिम की पहचान देश-विदेश में हो रही है। इसका सबसे बड़ा श्रेय बृजमोहन अग्रवाल को जाता है। उन्होंने मंत्री रहते हुए राजिम में आयोजित होने वाले राजिम महोत्सव मेले को कुंभ कल्प का दर्जा दिलाया।
राजिम कुंभ में हर साल देश के विभिन्न मठ-मंदिरों से साधु-संत आकर अपना आशीर्वाद देते हैं।