गरियाबंद

कांग्रेस का भ्रष्टाचार सबके सामने आ गया है-अग्रवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 20 अप्रैल। नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई है। एक तरफ कांग्रेस इसे सत्ता का दुरुपयोग बता रही है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा कह रही है कि कांग्रेस का भ्रष्टाचार सबके सामने आ गया है।
भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्याम अग्रवाल ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस का भ्रष्टाचार सबके सामने आ गया है और जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार में गले तक डूबी हुई है और नेशनल हेराल्ड मामला इसकी पोल खोल रहा है। केवल एक ट्रांसफर या दस्तावेजी गड़बड़ी नहीं है, बल्कि यह ‘‘साजिश, भ्रष्टाचार और जनता के धन की चोरी’’ का मामला है। यह देश की जनता के साथ की गई बड़ी धोखाधड़ी है। इसका जवाब सोनिया गांधी और राहुल गांधी को देना होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा चुराए गए एक-एक पैसे की वसूली होनी चाहिए। श्री अग्रवाल ने कहा कि ईडी की चार्जशीट में सोनिया और राहुल गांधी का नाम आने से कांग्रेसी बौखला गए हैं। कांग्रेस नेता आज मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोपों से घिरे हुए हैं। अब समय आ गया है कि जनता उन्हें आईना दिखाए।