गरियाबंद

उत्तेजित भीड़ ने की पुलिस गाड़ी और एंबुलेंस में तोडफ़ोड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, , 18 फरवरी। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस और एंबुलेंस दोनों को सूचना दी, परंतु बहुत देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची तो गुस्साए लोगों ने सडक़ पर जाम कर दिया।
इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। घटना की सूचना के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के साथ भी झूमा झटकी की। वहीं पुलिस की स्कार्पियो वाहन में तोडफ़ोड़ भी हुई है। घटना बड़ी करेली चौकी क्षेत्र का है।
गुस्साए लोगों की पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी
जानकारी के अनुसार नवापारा - मगरलोड मार्ग में ग्राम बुड़ेनी के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। घटना रविवार रात करीब 8 बजे की है। इस हादसे में दोनों ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान कांति पटेल और गुहा निषाद के रूप में की गई। दोनों ग्राम चमसूर के रहने वाले थे।
घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ इक_ा हो गई। घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को देने के बाद भी काफी समय तक एंबुलेंस नहीं पहुंचने से ग्रामीण उग्र हो गए और सडक़ जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस गाड़ी को रोक दिया गया।
पुलिस गाड़ी और एंबुलेंस में तोडफ़ोड़
वहीं पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी भी की। गुस्साए लोगों ने पुलिस की स्कार्पियो वाहन में तोड़ फोड़ कर दी। पुलिसकर्मी अपनी जान बचाकर भागे। कुछ देर बाद जब दो एंबुलेंस पहुंची, तो लोगों ने देरी से आने पर गुस्सा जताते हुए एंबुलेंस चालक से बहसबाजी करते हुए एंबुलेंस वाहन में भी तोडफ़ोड़ कर दी, स्थिति की गंभीरता देख चालक तत्काल वहां से निकल गया। हालात की जानकारी मिलते ही धमतरी और गरियाबंद जिले से बड़ी संख्या में पुलिस के आला अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को खदेड़ कर रोड से जाम हटाया।
पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
ज्ञात हो कि घटना स्थल से 2 किमी दूरी पर राजिम कुंभ कल्प मेला लगा हुआ है। रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में लोग दूर दराज से पहुंचे थे। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात वाहन भी मेले से लौट या पहुंच रहा होगा, इस दौरान यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।