गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 29 जनवरी। विधायक रोहित साहू के प्रयास से पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी राजिम विधानसभा क्षेत्र के हजारों किसानों को रबी फसल के लिए जलाशयों से पानी मिलेगा। किसानों के इस मांग को पूरा करने के लिए वे लगातार शासन स्तर पर प्रयासरत थे। हाल में उन्होंने सीएम विष्णुदेव साय और सिंचाई मंत्री केदार कश्यप से भी इस संबंध में मुलाकात थी। उनके प्रयास से राजिम विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांवों के लगभग 10000 एकड़ खेतो में इस सीजन में सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। इससे हजारों किसान लाभान्वित होंगे।
पानी देने के निर्णय पर क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई और विधायक रोहित साहू के निवास पहुँचकर फूलमाला से अभिनंदन किया व विधायक एवं सरकार के प्रति आभार प्रकट कर धन्यवाद दिया। विधायक रोहित साहू ने कहा कि इस साल भी किसान साथी रबी फसल के लिए पानी की मांग कर रहे थे। इसे लेकर उन्होने मुख्यमंत्री और सिंचाई मंत्री से मुलाकात की थी। उनके द्वारा किसानो के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए रबी फसल के लिए पानी उपलब्ध कराने के निर्देश प्राप्त हुए हैं जो खुशी की बात है, इसके लिए सभी किसान साथियों को मैं बधाई देता हूँ। यह निर्णय विगत दिनों से ही प्रस्तावित था जिस पर अमल होने वाला है। जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब से किसानों के हित में कार्य लगातार हो रहे हैं। यह सभी कार्य भाजपा सरकार में ही संभव हो सकता है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच सालों में किसानों को कभी भी रबी फसल के लिए पानी नहीं मिला था, मैं किसान का बेटा हूँ और स्वयं भी किसानी कार्य से जुड़ा हुआ हूँ इसलिए किसानों के दुख दर्द को समझता हूँ। जब किसान का बेटा विधायक बनता है तब किसानों के हित में किस प्रकार कार्य होते हैं इसका यह प्रत्यक्ष प्रमाण है, आगे भी किसानों की मंशा के अनुरूप कार्य किए जायेंगे इसके लिए मैं सभी को आश्वस्त करता हूँ। हमारी सरकार किसानों की सरकार है जो किसानों के लिए कार्य कर रही है और सर्वहारा वर्ग के कल्याण का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। किसानों को सिकासार जलाशय सहित अन्य जलाशयों से पानी दिया जायेगा। पानी छोड़े जाने के निर्णय पर विधायक रोहित साहू ने सीएम विष्णुदेव साय और सिंचाई मंत्री केदार कश्यप का किसानों की ओर से आभार भी जताया।
आभार जताने वाले किसानों,जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों में प्रमुख रूप से भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनीष हरित, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष राजू साहू , वेदराम नंदे, मणि यादव,ललित सिन्हा, राजाराम कोटवार, श्रीराम ध्रुव,पुनारद निर्मलकर सहित अन्य शामिल हैं।