गरियाबंद
नवापारा-राजिम, 4 जुलाई। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा छत्तीसगढ़वासियों को अयोध्या के रामलला का नि:शुल्क दर्शन कराने हेतु रामलला दर्शन योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत प्रदेश के हजारों श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर चुके हैं। बुधवार को प्रदेश के सैकड़ों श्रद्धालु, रायपुर रेलवे स्टेशन से अयोध्या के लिए रवाना हुए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना किया। अयोध्या रवाना होने वाले इन श्रद्धालुओं में भाजपा मंडल नवापारा के लीलाराम साहू धनमती साहू, साधना सौरज, झुनेश्वरी कृति यादव, मालती ध्रुव, मनीषा सांखरे, यशवंत सांखरे, परदेशी साहू, मोंगरा साहू सहित अन्य लोग भी शामिल हैं। इन श्रद्धालुओं को नवापारा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश यादव द्वारा आत्मीय विदाई देते हुए उनकी यात्रा मंगलमय होने की शुभकामनाएं दी। श्री यादव ने कहा कि भगवान रामलला के दर्शन करने के लिए आज हर कोई आतुर है, लेकिन आर्थिक और विभिन्न कारणों के चलते लोगों को यह शुभ अवसर नहीं मिल पा रहा था। जिसे देखते हुए प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी द्वारा रामलला दर्शन योजना शुरू कर, उनकी कामना पूरी की जा रही है।


