मनोरंजन

काम पर लौटने से पहले अमिताभ बच्चन को अभी और आराम की जरूरत
23-Oct-2026 9:03 PM
काम पर लौटने से पहले अमिताभ बच्चन को अभी और आराम की जरूरत

नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर। अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपनी सेहत के बारे में जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्हें काम से कुछ दिन की छुट्टी लेने की सलाह दी गई है तथा अभी और आराम करने की जरूरत है।

बच्चन ने शुक्रवार को अपने निजी ब्लॉग पर लिखा, ‘‘अभी और आराम की जरूरत है... तालमेल बिठा रहा हूं... सोच-विचार कर रहा हूं... मानव शरीर और इसकी अनोखी खूबियों के बारे में।’’

इसी महीने की शुरुआत में 84 वर्ष के हुए बच्चन ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा कर अपने प्रशंसकों और फॉलोअर्स को बताया था कि उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है, जिस कारण से वह उनसे संवाद नहीं कर पा रहे हैं।

अभिनेता ने इससे पहले पोस्ट में लिखा था, ‘‘माफ कीजिए...मैं आपसे माफी मांगता हूं। मुझे कुछ दिनों तक आराम करने और स्वास्थ्य लाभ के लिए काम से छुट्टी लेने की सलाह दी गई है, इसलिए मैं कुछ भी नहीं लिख पा रहा हूं।’’

बच्चन के प्रशंसकों ने टिप्पणी खंड में उनके जल्द ठीक होने की कामना की।

वह आगामी दिनों में फिल्म ‘सेक्शन 84’ में नजर आएंगे। ऋभु दासगुप्ता के निर्देशन वाली इस फिल्म में निमरत कौर और अन्य कलाकार भी हैं। बच्चन ‘कल्कि 2898 एडी’ की अगली कड़ी ‘कल्कि 2’ में भी दिखाई देंगे। इस फिल्म में वह अश्वत्थामा की भूमिका फिर से निभाएंगे। (भाषा)


अन्य पोस्ट