मनोरंजन

हरियाणा में कर-मुक्त हुई कंगना की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’
14-Jun-2026 11:30 AM
हरियाणा में कर-मुक्त हुई कंगना की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’

चंडीगढ़, 14 जून। कंगना रनौत अभिनीत फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को हरियाणा में कर-मुक्त घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के बाद यह घोषणा की।

फिल्म देखने के बाद सैनी ने कहा कि देश की वास्तविक शक्ति केवल सरकार या सशस्त्र बलों में नहीं, बल्कि आम नागरिकों के चरित्र, साहस और सेवा-भाव में निहित है।

उन्होंने 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि यह साहस, करुणा, कर्तव्य और मानवता की एक सशक्त कहानी है जो हर भारतीय के मन को छूती है।

विशेष स्क्रीनिंग के दौरान नायब सिंह सैनी के साथ उनकी पत्नी सुमन सैनी, राज्य सरकार के कुछ मंत्री और कंगना रनौत भी मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि आतंक और भय के उन क्षणों में अनेक बहादुर लोगों ने दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी थी।

यह फिल्म 26/11 हमलों की रात मुंबई के कामा अस्पताल के भीतर हुई घटनाओं पर आधारित है। इसमें दिखाया गया है कि जब बाहर अफरा-तफरी और आतंक का माहौल था, तब नर्स, वार्ड ब्वॉय, सफाईकर्मियों, लिफ्ट ऑपरेटर, सुरक्षा कर्मचारियों और प्रशासनिक कर्मियों ने डटे रहकर अपना कर्तव्य निभाया।

सैनी ने फिल्म में महिला शक्ति के चित्रण की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारतीय महिलाएं केवल परिवार की रीढ़ ही नहीं हैं, बल्कि समाज की एक सशक्त शक्ति भी हैं, जो संकट के समय अपनी संवेदना को ठोस कदमों में बदलने की क्षमता रखती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता से कोई समझौता नहीं करता।

उन्होंने कहा, ‘‘आज भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है और अब हम आतंकियों को उनके ही ठिकानों में जाकर जवाब देते हैं। ऑपरेशन सिंदूर इस संकल्प का नवीनतम और सबसे स्पष्ट उदाहरण है।’’ (भाषा)


अन्य पोस्ट