मनोरंजन

राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए एएसपी अनुज चौधरी, इतनी रकम का किया ऐलान
13-Feb-2026 1:08 PM
राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए एएसपी अनुज चौधरी, इतनी रकम का किया ऐलान

 मुंबई, 13 फरवरी । एक्टर राजपाल यादव इन दिनों आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद राजपाल पर लगभग 9 करोड़ रुपए का कर्ज है। फिल्म जगत के तमाम सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। इस बीच फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) में तैनात एएसपी अनुज चौधरी ने भी मदद की बात कही है। राजपाल यादव के इस मुश्किल वक्त में कई हस्तियां आगे आई हैं। सलमान खान, अजय देवगन, सोनू सूद, तेज प्रताप यादव समेत अन्य कई हस्तियों ने मदद का ऐलान किया है। सोनू सूद ने फिल्म में रोल और साइनिंग अमाउंट देने की बात कही, जबकि तेज प्रताप यादव ने 11 लाख रुपए की सहायता दी। अब इस सूची में नया नाम फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) में तैनात एसपी एएसपी अनुज चौधरी का भी जुड़ गया है।

अनुज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर वीडियो पोस्ट कर राजपाल यादव की मदद का ऐलान किया। उन्होंने कहा, "राजपाल यादव जैसे कलाकारों ने हमें सालों तक हंसाया, मुश्किल वक्त में मुस्कुराने की वजह दी। जो लोगों को खुशी देते हैं, उन्हें अकेला नहीं छोड़ना चाहिए। मैं राजपाल की कॉमेडी और आध्यात्मिक विचारों से व्यक्तिगत रूप से प्रभावित हूं।" उन्होंने एक वाक्य का जिक्र करते हुए कहा, "जीवन का एक भी सेकंड व्यर्थ न गंवाएं, क्योंकि वह वापस नहीं आता। मैं अपनी सैलरी अकाउंट से 51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने का वादा करता हूं। यह राशि बड़ी नहीं है, लेकिन अपनी क्षमता के अनुसार मदद करना चाहता हूं।" यह केस साल 2010 में शुरू हुआ था, जब राजपाल यादव ने अपनी निर्देशित फिल्म 'अता पता लापता' के लिए एक कंपनी से 5 करोड़ रुपए का लोन लिया था। फिल्म फ्लॉप होने के कारण कर्ज नहीं चुका पाए, ब्याज और पेनल्टी बढ़ने से राशि 9 करोड़ तक पहुंच गई। कोर्ट ने कई मौके दिए, लेकिन पूरा न होने पर 6 महीने की सजा सुनाई गई। फरवरी 2026 में सरेंडर करने के बाद से वह जेल में हैं। -(आईएएनएस)
 


अन्य पोस्ट