मनोरंजन

अमिताभ बच्चन ने प्रशंसकों को धन्यवाद दिया, उन्हें ‘विस्तृत परिवार’ कहा
12-May-2026 12:34 PM
अमिताभ बच्चन ने प्रशंसकों को धन्यवाद दिया, उन्हें ‘विस्तृत परिवार’ कहा

नयी दिल्ली, 12 मई । प्रसिद्ध अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, "यह मेरे लिये गर्व और सम्मान की बात है कि मुझे इतने सारे लोगों का आशीर्वाद मिला है।"

अभिनेता ने सोमवार को अपने ब्लॉग में हर रविवार अपने मुंबई स्थित आवास 'जलसा' के बाहर आयोजित होने वाले 'फैन मीटिंग सेशन' की तस्वीरें साझा की। इन मुलाकातों के दौरान, अभिनेता की एक झलक पाने के लिए सैकड़ों प्रशंसक इकट्ठा होते हैं।

बच्चन ने अपने पोस्ट में कहा, "लोगों का आशीर्वाद मिलना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है। वे मुझे विश्वास दिलाते हैं, मुझे एक और दिन जीने की सांस देते हैं, वे मुझे काम करने के लिए, और भी ज़्यादा मेहनत करने के लिए तथा अपना काम पूरा करने के लिए प्रेरित करते हैं। वे मेरा 'विस्तृत परिवार' हैं।"

अभिनेता ने अपने कर्मचारियों से भी बेसब्री से उनका इंतज़ार करने वाले प्रशंसकों के साथ अच्छा व्यवहार करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, "इतनी देर तक तेज धूप में घंटों इंतजार करने वाले लोगों के साथ उचित शिष्टाचार से पेश न आना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। जनता तो साक्षात ईश्वर का ही रूप है। वे असल में बस स्नेह, सम्मान और सद्भावना ही चाहते हैं। वे हमें इतना कुछ देते हैं। बदले में, हमें उनके लिए एक ऐसे आईने की तरह होना चाहिए जो उन्हें सिर्फ प्यार, इज्जत और सम्मान ही लौटाए।"

अभिनेता अपनी आने वाली फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल और 'सेक्शन 84' में नजर आएंगे।(भाषा)


अन्य पोस्ट