दुर्ग
भिलाई नगर, 17 नवंबर। दुर्ग जिले में रानीतराई पुलिस ने ग्राम घोरारी में दबिश देकर 43 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपिया अपने घर में शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रही थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 नवंबर को थाना रानीतराई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घोरारी निवासी ऊषा गायकवाड़ अपने मकान में भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब छिपाकर रखी है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना की तस्दीक के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक हुबलाल चंद्राकर के नेतृत्व में महिला प्रधान आरक्षक सहित एक विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपिया के घर से 11 सफेद प्लास्टिक के डिब्बों में भरी कुल 43 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत साढ़े 6 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब बिक्री से अर्जित 450 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
रानीतराई पुलिस ने आरोपिया श्रीमती ऊषा गायकवाड के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।