दुर्ग
शराब पीने की आदत से परेशान थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 नवंबर। ग्राम गोड़पेण्ड्री थाना उतई में एक व्यक्ति की हत्या का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। हत्या किसी और ने नहीं बल्कि मृतक की सगी बहन ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी बहन को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त किए सिलबट्टे (लोढ़ा) जब्त कर लिया है।
14 नवंबर की सुबह थाना उतई पुलिस को ग्राम गोड़पेण्ड्री में मर्ग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो धर्मेन्द्र पाल (40), निवासी ग्राम गोड़पेण्ड्री का शव मिला पड़ा था। शव के निरीक्षण में मृतक की बाईं आंख के ऊपर किसी ठोस वस्तु से प्राणघातक वार किए जाने के निशान मिले। शुरुआत में मृतक की बहन और सूचनाकर्ता धन्नी धनकर ने किसी अज्ञात व्यक्ति के हमले से भाई की मौत होना बताया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। घटनास्थल और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को हत्या की आशंका हुई। अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन धन्नी धनकर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गई और उसने भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला अपने भाई की शराब पीने की आदत से परेशान थी। इसी तनाव में उसने सीलबट्टा (लोढ़ा) से भाई के सिर और बाईं आंख के ऊपर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपिया धन्नी धनकर, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम गोड़पेण्ड्री थाना उतई की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 01 सिलबट्टे (लोढ़ा) जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद और घरेलू तनाव में हिंसा का रास्ता न अपनाएं। विवाद की स्थिति में परिवार के सदस्यों, सामाजिक प्रतिनिधियों या पुलिस की सहायता लें।