दुर्ग

हाइवे का शातिर स्नैचर बंदी
11-Nov-2026 7:55 PM
हाइवे का शातिर स्नैचर बंदी

7 वारदातों का खुलासा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

​भिलाई नगर, 11 नवंबर। नेशनल हाइवे और शहर के प्रमुख ओवरब्रिजों पर राहगीरों, खासकर महिलाओं से लूट व झपटमारी करने वाले एक अंतरथाना गिरोह के शातिर बदमाश को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी लक्ष्मण राव (29 वर्ष, निवासी कुम्हारी, भिलाई) बाइक से झपट्टा मारकर पर्स, गहने व मोबाइल छीनकर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की होंडा शाइन बाइक, सोने के आभूषण, नकदी व 4 मोबाइल समेत करीब 3 लाख 60 हजार मूल्य का मशरूका बरामद किया है।

​लगातार सामने आ रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने संयुक्त अभियान शुरू किया था। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

​पूछताछ में आरोपी ने खुर्सीपार, पुरानी भिलाई, जामुल, छावनी और सुपेला थाना क्षेत्रों में कुल 7 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। वह खासतौर पर तुलसी ट्रेडर्स चौक, डबरा पारा ब्रिज, पावर हाउस ओवरब्रिज और चंद्र मौर्य टॉकीज के आसपास सुनसान पलों का फायदा उठाकर वारदातें करता था।
​आरोपी से एक मोटरसाइकिल, ​5 ग्राम का सोने का सिक्का व 1 टूटा सोने का मंगलसूत्र, 4 मोबाइल फोन, 1,300 कैश, 2 लेडीज पर्स/बैग, ​चेकबुक, पासबुक, कई बैंकों के एटीएम कार्ड व अन्य पहचान पत्र जब्त हुआ है।


​पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़कों, पुलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आवाजाही के दौरान सतर्क रहें। पर्स को सड़क की ओर लटकाने या फोन पर बात करते हुए चलने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल थाने में सूचना दें।


अन्य पोस्ट