दुर्ग
30 को दुर्ग में निकलेगी भाजपा की पदयात्रा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा होंगे शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कार्यक्रम के तहत 30 अक्टूबर को दुर्ग शहर में पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा प्रमुख रूप से शामिल होंगे। एसआईआर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पदयात्रा की रूपरेखा तय कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में सांसद विजय बघेल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं विश्वसनीय होना आवश्यक है। एसआईआर इसी दिशा में महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आमजन के बीच जाकर इससे जुड़ी सही जानकारी देने और भ्रांतियां दूर करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि एसआईआर से मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने में मदद मिलती है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल होना चाहिए तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जाना चाहिए। विधायक ललित चंद्राकर ने भी कार्यकर्ताओं से पदयात्रा को सफल बनाने के लिए समन्वय और सक्रियता के साथ कार्य करने की अपील की।
बैठक को छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, महापौर अलका बाघमार और वरिष्ठ भाजपा नेता प्रीतपाल बेलचंदन ने भी संबोधित किया। संचालन संतोष सोनी तथा आभार प्रदर्शन विनोद अरोरा ने किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंद्रिका चंद्राकर, शिव चंद्राकर, पूर्व विधायक बालमुकुंद देवांगन सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नेत्र व दंत चिकित्सा शिविर कल
दुर्ग, 28 अक्टूबर। समाज सेवा एवं जनकल्याण की भावना को साकार करते हुए अंतरराष्ट्रीय मानव मिलन परिवार, दुर्ग शाखा एवं वर्धमान जैन स्थानकवासी श्रावक श्रमण संघ, दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में 29 अक्टूबर को नेत्र एवं दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है जिसमें मानव मिलन संस्थापक नेपाल केसरी राष्ट्र संत मणिभद्र मुनि एवं साध्वी लक्ष्मी का सानिध्य प्राप्त होगा। साथ ही राजनांदगांव की सेवा भावी संस्था उदयाचल परिवार द्वारा दांत एवं नेत्र रोग की चिकित्सा एवं परामर्श का यह शिविर जय आनंद मधुकर भवन बांधा तालाब दुर्ग में आयोजित होगा। शिविर का आयोजन प्रात: 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इच्छुक नागरिकों से 28 अक्टूबर तक अग्रिम पंजीयन कराने की अपील की गई है। पंजीयन के लिए विशाल अंकिता संचेती (8889050060), अभिजीत पारख ( रजनीश रैना पारख (9827151160) एवं ललित कर्णावट (9425236181) से संपर्क किया जा सकता है।