दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 अक्टूबर। दुर्ग जिले के नगपुरा विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत बोरई, दामोदा, खुरसीडीह, खुरसुल, भेंडारवनी, पोटिया सहित अनेक ग्रामों में लगातार अघोषित बिजली कटौती हो रही है। वहीं समय में सुधार कार्य नहीं होने, बीटवाइस कार्यक्षेत्र अनुसार लाइन मेन के अभाव से भी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे ही अनेक समस्याओं का लोगों को सामना करना पड़ रहा है जिसे लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
इन समस्याओं की समय रहते निदान की मांगों को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सहायक यंत्री दुर्ग अविनाश दुबे को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों का कहना है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश सर प्लस बिजली उत्पादन वाला राज्य होने के बावजूद आम आदमी सरकार की बिजली के मामले में गलत नीति, स्मार्ट मीटर लगाकर, लगातार विद्युत दर में बेहतशा वृद्धि और पूर्ववर्ती भूपेश सरकार की बिजली बिल हाफ योजना को खत्म कर, गरीबों लूटने अपना खजाना भरने में लगी है। सुविधाओं का कोई ख्याल नहीं है हर विद्युत वितरण केंद्र में एक कनिष्ठ यंत्री और इक्का-दुक्का लाइनमैन के सिवाय कोई स्थाई कर्मचारी नहीं है।
पूरा केंद्र का तात्कालिक व आकस्मिक संधारण तथा स्थाई संधारण सब ठेकेदार के भरोसे हो गया है। ताज्जुब की बात यह है कि बरसात पूर्व होने वाले पेड़ कटाई, पोल ठीक करने, ढीले व जोखिम वाले तारों को व्यवस्थित करने जैसे कार्य आज भी आधे अधूरे होने से दिक्कत आने पर अभी भी यह कार्य करना पड़ रहा है। बिजली विभाग की गलती का खामियाजा आम उपभोक्ताओं को अंधेरे में रहकर भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने अंचल की बिजली समस्याओं के समय रहते निदान नहीं होने की स्थिति में नगपुरा विद्युत वितरण केंद्र के घेराव की चेतावनी विभागीय अधिकारियों को दी गई है। जिस पर यथाशीघ्र सुधार कार्य और बोरई बीट से हटाए गए लाइनमैन को पुन: क्षेत्र में लाए जाने का आश्वासन दिया गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व अध्यक्ष सरपंच संघ दुर्ग रिवेंद्र यादव, उपाध्यक्ष प्रदेश किसान कांग्रेस कृष्णा देवांगन, कैलाश सिन्हा अध्यक्ष ग्राम विकास समिति बोरई, जोन अध्यक्ष अंजोरा मंडल कांग्रेस कमेटी देवराज चतुर्वेदी, धनेश देशमुख, योगेश भारदीय, सुखदेव यादव, कमल नारायण देशमुख, लोकेश बंजारे आदि शामिल रहे।