दुर्ग

जनता को प्रतीकात्मक नहीं, घरों में चाहिए असली रोशनी- कांग्रेस
18-Sep-2026 6:27 PM
जनता को प्रतीकात्मक नहीं, घरों में चाहिए असली रोशनी- कांग्रेस

मोदी के जन्मदिन पर दीए जलाने के फरमान पर कसा तंज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 18 सितंबर। जनता को प्रतीकात्मक नहीं, घरों में चाहिए असली रोशनी चाहिए  तेल की खपत कम की अपील करने वाले प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर में करोड़ों दीये जलाने का आह्वान किया जा रहा है। दुर्ग जिला ग्रामीण, शहर कांग्रेस एवं भिलाई नगर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त प्रेस वार्ता कांग्रेस नेताओ ने इस पर जमकर तंज कसा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से दीपक जलाने तथा उसकी फोटो-वीडियो साझा करने जैसी गतिविधियों के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है। कांग्रेस ने इसे सरकारी योजनाओं के राजनीतिक प्रचार से जोडऩे का प्रयास बताते हुए सवाल उठाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ किसी व्यक्ति विशेष की निजी संपत्ति से नहीं, बल्कि जनता के टैक्स और सरकारी बजट से मिलता है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी सहित  सरकारी योजना के लाभार्थियों को किसी व्यक्ति विशेष के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए दीपक जलाने या उसका प्रचार करने के लिए कहना सरकारी योजनाओं को राजनीतिक कार्यक्रम से जोडऩे जैसा है। सरकारी योजना किसी नेता की निजी संपत्ति नहीं है और उसका लाभ लेना किसी पर एहसान नहीं है। उन्होंने कहा कि भगवान का जन्मदिन एक दिन मनाया जाता है उन्होंने सवाल उठाया नरेंद्र मोदी ऐसा कौन सा भगवान हैं कि उनका जन्मदिन एक महीने तक मनाने का आह्वान किया जा रहा है? पूरे देश में लंबे समय तक मोदी के जन्मदिन पर कार्यक्रम आयोजित कर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक को इसमें शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जनसेवा के नाम पर सरकारी योजनाओं को किसी व्यक्ति विशेष के जन्मदिन के प्रचार से क्यों जोड़ा जा रहा है श्री ठाकुर ने कहा कि कुछ दिन पहले मोदी देश की जनता से तेल की खपत कम करने की अपील कर रहे थे, और अब उनके जन्मदिन पर देशभर में करोड़ों दीपक जलाने का आह्वान किया जा रहा है। एक तरफ तेल बचाने की बात और दूसरी तरफ करोड़ों दीपक जलाने का अभियान-सरकार को पहले अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करनी चाहिए।

शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीपक जलाने के अभियान से ज्यादा महत्वपूर्ण देश के युवाओं और आम परिवारों के सवाल हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से रोजगार के अवसर, बेरोजगारी की स्थिति और महंगाई को नियंत्रित करने के लिए उठाए गए कदमों पर स्पष्ट जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार मांग रहा है, किसान अपनी फसल का उचित मूल्य मांग रहा है, श्रमिक सम्मानजनक आय मांग रहा है और आम परिवार महंगाई से राहत मांग रहा है। भिलाई कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने नोटबंदी के निर्णय, जीएसटी व्यवस्था तथा अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने फैसलों के आर्थिक प्रभाव और जनता को हुए लाभ अथवा कठिनाइयों से संबंधित आंकड़े सार्वजनिक करने चाहिए कोरोना काल के दौरान हुए ताली-थाली कार्यक्रमों का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि जनता को प्रतीकात्मक अभियानों में लगाने के बजाय सरकार को वास्तविक समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।  देश के कई हिस्सों में प्राकृतिक आपदाओं और बाढ़ जैसी परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों को राहत और सहायता की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में सरकार की प्राथमिकता राहत, पुनर्वास और जनसहायता होनी चाहिए।


अन्य पोस्ट