दुर्ग

प्रतिबंधित पॉलीथिन-डिस्पोजल के उपयोग पर निगम की सख्ती
17-Sep-2026 7:22 PM
प्रतिबंधित पॉलीथिन-डिस्पोजल के उपयोग पर निगम की सख्ती

7 दुकानदारों से 3 हजार से अधिक जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 17 सितंबर। नगर निगम सीमा क्षेत्र में शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से निगम आयुक्त लीना कोसम के निर्देश पर जनजागरूकता अभियान के साथ-साथ स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है।

निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों एवं दुकानदारों से अपील की जा रही है कि कचरा खुले में न फेंकें, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करें तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक, पॉलीथिन एवं डिस्पोजल सामग्री का उपयोग न करें। इसके बावजूद समझाइश के बाद भी नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध निगम अमले द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को बाजार विभाग एवं अतिक्रमण टीम ने पोटिया कला चौक के दुकानों का सघन निरीक्षण किया। पोटिया चौक में जांच के दौरान 7 दुकानों में प्रतिबंधित डिस्पोजल एवं पॉलीथिन सामग्री पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। निगम अमले द्वारा इन दुकानदारों से 3 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया गया। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री को जब्त कर संबंधित दुकानदारों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता केवल निगम प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व एवं कर्तव्य है। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नागरिकों एवं व्यापारियों का सहयोग आवश्यक है। निगम द्वारा एक ओर जहां लोगों को स्वच्छता एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी एवं जब्ती की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट