दुर्ग
बारिश का पानी घरों व सडक़ों पर भरा दिखा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 सितंबर। गरज-चमक के साथ करीब दो घंटे तक हुई मूसलदार बारिश ने शहर के ड्रैनेज सिस्टम को फेल कर दिया।
दुर्ग में मुख्य मार्गों सहित गली, मोहल्लों में घुटों तक पानी भर गया। सडक़ों पर पानी भरे होने के वजह से मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर जाम स्थिति निर्मित हो गई। आवागमन की व्यवस्था बनाने यातायात पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
रात करीब बारिश की रफ्तार कम हुई। शहर की निचली बस्तियों सहित महावीर कालोनी, राजीव नगर, शंकर नगर, उरला, संतराबाड़ी, पोलसायपारा, सिद्धि विनायक मंदिर, पटेल, चौक, जिला पंचायत, की सडक़ों पर पानी ही पानी नजर आ रहा था। वही गली में पानी लबालब होने के बाद लोगों के घरों के भीतर पानी भर गया।
जिले में पिछले 24 घंटे में हुई 21 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इधर मौसम विभाग ने भी आगामी दो दिनों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल दी खाड़ी के उत्तर पश्चिम एवं पश्चिम मध्य हिस्सों एवं इससे सटे दक्षिण ओडिशा, उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊँचाई तक फैला हुआ है और ऊँचाई के साथ दक्षिण पश्चिम की ओर झुका हुआ है।
वहीं औसत समुद्र तल पर मानसून श्री गंगानगर, शिवपुरी, दमोह, और बिलासपुर से होते हुए पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में कम दबाव वाले क्षेत्र के केन्द्र में है तो उत्तर राजस्थान से मप्र, छत्तीसगढ़ होते हुए कम दबाव का क्षेत्र साइक्लोनिक सर्कुलेशन तक फैली हुई है जो कम दबाव के क्षेत्र से जुड़ी है।