दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 सितंबर। गुम मोबाइल की तलाश में दुर्ग पुलिस लगातार तकनीकी कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने गुम हुए 201 मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 40 लाख रुपए है। मोबाइल को उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत वापस किया जा रहा है। पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल एवं तकनीकी संसाधनों के माध्यम से गुम मोबाइल की लगातार पतासाजी कर विभिन्न जिलों एवं राज्यों से 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों के गुम हुए मोबाइल फोन को केवल रिकॉर्ड तक सीमित न रखते हुए उनकी तकनीकी पतासाजी कर वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने के लिए लगातार अभियान चलाया है। इस क्रम में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा 201 मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित नागरिकों को वापस किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम द्वारा लगातार तकनीकी विश्लेषण मोबाइल उपयोग की जानकारी का सत्यापन एवं संबंधित स्थान पर फॉलो अप करते हुए दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा एवं रायपुर सहित मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार तथा अन्य राज्यों के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 201 विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किये है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2026 में गुम मोबाइल बरामद एवं वितरण की यह छठवीं करवाई है। वर्ष 2026 में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से अब तक 1200 से अधिक गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट दुर्ग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को मोबाइल फोन गुम होने पर पुलिस के पास सूचना देने के साथ सीइआईआर पोर्टल पर आईएमइआई नंबर दर्ज कराना चाहिए।