दुर्ग
दुर्ग, 11 सितंबर। ऋण की किश्तों का भुगतान नहीं करने और बैंक को दिया गया चेक बाउंस होने के मामले में न्यायालय ने आरोपी कामता प्रसाद को दोषी पाया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दुर्ग अंजली सिंह की अदालत ने परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत आरोपित को तीन माह के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही बैंक को 61 हजार रुपये प्रतिकर के रूप में भुगतान करने का आदेश दिया गया है। अधिवक्ता मोहम्मद शफीक खान ने बताया कि कामता प्रसाद ने सात जुलाई 2015 को छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की पोटियाकला शाखा से एक लाख रुपये का मुद्रा ऋण लिया था। ऋण की अदायगी के लिए निर्धारित किश्तों का नियमित भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद बकाया राशि के भुगतान के लिए आरोपित ने बैंक को 15 मई 2019 का 60,356 रुपये का चेक दिया। बैंक में प्रस्तुत करने पर पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक उसी दिन अनादरित हो गया। चेक बाउंस होने के बाद बैंक की ओर से 20 मई 2019 को आरोपित को विधिक मांग नोटिस भेजा गया। नोटिस प्राप्त होने के बावजूद निर्धारित अवधि में राशि का भुगतान नहीं किया गया। आरोपी ने न्यायालय में चेक को ऋण के लिए सुरक्षा के रूप में दिए जाने और बैंक के एजेंट को राशि देने का बचाव किया था। हालांकि न्यायालय ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया। न्यायालय ने माना कि आरोपित पर चेक में अंकित राशि के बराबर वैध ऋण दायित्व मौजूद था और वह धारा 118 व 139 के तहत बनी उपधारणा का खंडन करने में असफल रहा।