दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 सितंबर। दुर्ग जिले के कोसानाला के पास एनएच-53 पर शनिवार-रविवार की देर रात सडक़ हादसे में तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा भिड़ा। सुपेला थाना क्षेत्र की इस दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई है। हादसा नेशनल हाईवे-53 पर कोसानाला के पास रात करीब 1.30 बजे हुआ।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सर्विस लेन पार करते हुए सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की आज दोपहर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 07 सीएक्स 6750 कोसानाला के पास मुख्य मार्ग से सर्विस लेन की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराई।
दुर्घटना में वाहन सवार प्रतीक ठाकुर (25 वर्ष) पिता स्वर्गीय जमुना ठाकुर निवासी सडक़ नंबर-35, सेक्टर-4 की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में भास्कर कुमार पिता सुनील कुमार निवासी सेक्टर-4 सडक़ नंबर-29 भिलाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान आज दोपहर करीब 12.30 बजे उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
सुपेला थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन की तेज रफ्तार और चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।