दुर्ग

भारती विवि में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
31-Aug-2026 5:30 PM
भारती विवि में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 31 अगस्त। भारती विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एनसीसी प्रकोष्ठ एवं विधि संकाय द्वारा आई क्यूएसी के सहयोग से स्वास्थ्य, शारीरिक फिटनेस, सामाजिक जागरूकता एवं जिम्मेदार नागरिकता को प्रोत्साहित करने विभिन्न  कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के एनएसएस सेल द्वारा को ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत आयोजित अतिथि व्याख्यान में भारती आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के कायाचिकित्सा विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. जयकिशन साहू ने विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार की जानकारी देते हुए बताया कि टीबी का समय पर पता लगने और नियमित एवं पूर्ण उपचार से रोग पर प्रभावी नियंत्रण संभव है, दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक रहने वाली खांसी, बुखार एवं वजन कम होने जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेते हुए समय पर जांच कराने की आवश्यकता पर बल दिया।

 यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ‘चेतना सीरीज’ के अंतर्गत ऑनलाइन व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, केंद्रीय टीबी विभाग की उप महानिदेशक डॉ. शोबिनी राजन मुख्य वक्ता रहीं। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने यूजीसी के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से इस वेबकास्ट में सक्रिय सहभागिता दी।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर ‘खेल एवं फिटनेस को संस्कृति के रूप में अपनाने’ विषय पर फिट इंडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति जागरूकता, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में विधि संकाय की सहायक प्राध्यापिका सुश्री संजना गोयल ने खेलों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना, शारीरिक स्वास्थ्य एवं मानसिक कल्याण को बढ़ावा देने पर प्रकाश डालते हुए खिलाडिय़ों के अधिकार एवं दायित्व, निष्पक्ष खेल भावना, खेल-संबंधी चोटों तथा खेल गतिविधियों में नैतिक आचरण जैसे महत्वपूर्ण कानूनी एवं नैतिक पहलुओं की जानकारी  दी। एनसीसी कैडेट दीपक कुमार ने भी राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्त्व तथा खेल एवं फिटनेस को जीवनशैली के रूप में अपनाने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किया।

उक्त कार्यक्रम संस्था के संयुक्त प्रबंध निदेशक द्वय श्रीमती शालिनी चंद्राकर, जय चंद्राकर एवं कुलपति प्रो. बी.एन. तिवारी के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रमों में उप कुलपति डॉ. आलोक भट्ट, कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र कुमार स्वर्णकार, अकादमिक अधिष्ठाता डॉ. अजय सिंह तथा शिक्षा संकाय के अधिष्ठाता डॉ. मनोज मौर्य  उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में एन एस एस  कार्यक्रम अधिकारी रोशन नोनहारे , समन्वयकों सुश्री प्रियंका सिन्हा, सुश्री योगिता सिन्हा, रजत आनंद एवं निखिल देव प्रसाद की  भूमिका रही, समन्वय एनसीसी प्रकोष्ठ प्रमुख डॉ. आस्था चतुर्वेदी एवं संचालन सुश्री आकांक्षा झा ने किया।


अन्य पोस्ट