दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 29 अगस्त। पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन पंचायत महासभा, सेक्टर-6 भिलाई ने जैन भवन के संचालन को लेकर दुर्ग सांसद विजय बघेल को पत्र सौंपा है।
महासभा का आरोप है कि सेक्टर-6 स्थित जैन भवन का संचालन कुछ लोगों द्वारा किया जा रहा है। समाज के अनुसार जैन ट्रस्ट का पंजीकरण नियम अनुसार नहीं हुआ है, फिर भी आर्थिक लेन-देन किया जा रहा है। महासभा का कहना है कि भवन पर पूरे दिगंबर जैन समाज का अधिकार है।
पत्र के अनुसार, समाज के 428 सदस्यों ने पूर्व में भी संबंधित लोगों से लिखित रूप से व्यवस्था संचालित करने की मांग की थी, लेकिन समाधान नहीं हो सका। महासभा का कहना है कि प्रशासन और पुलिस के समक्ष जाने की स्थिति से समाज में असंतोष की स्थिति बन रही है।
महासभा ने सांसद से मांग की है कि वे मामले में हस्तक्षेप कर स्थानीय प्रशासन को निर्देश दें, पंजीकरण प्रक्रिया पर रोक लगाएं तथा परिवारों के अधिकारों की रक्षा करें। मामले पर सांसद विजय बघेल ने फर्म एवं सोसाइटी पंजीयक से चर्चा कर दोनों पक्षों से बात करने और विषय को हल करने की बात कही है।