दुर्ग
नाबालिग समेत दो हिरासत में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 अगस्त। रक्षाबंधन की रात दुर्ग शहर के चंडी मंदिर-नयापारा रोड क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। तीन युवकों के बीच शुरू हुए विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन युवक खाना खाने के बाद बाइक से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चंडी मंदिर नयापारा रोड के पास उनका कुछ युवकों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के पीछे दोनों पक्षों के बीच पहले से चली आ रही रंजिश थी।
गाली-गलौज के बाद बढ़ा विवाद
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बातचीत और गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के शरीर से काफी खून बह गया और उसकी हालत गंभीर हो गई।
साथियों ने उसे तत्काल ई-रिक्शा की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक नाबालिग बताया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान कोमल धीमर (19 वर्ष), निवासी चांदी मंदिर क्षेत्र के रूप में सामने आई है।
पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। साथ ही विवाद में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पहले भी हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। 17 अगस्त को नागपंचमी के दिन दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते रक्षाबंधन की रात करीब 10.30 बजे दोनों पक्षों का फिर आमना-सामना हुआ और विवाद के दौरान युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया।
हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने घटना को लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के साथ पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, प्रत्यक्षदर्शियों और विवाद की पुरानी कडिय़ों की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।