दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 25 अगस्त। महिला एवं बाल विकास विभाग जिला दुर्ग के अंतर्गत एकीकृत बाल विकास परियोजना धमधा द्वारा कुपोषण मुक्ति हेतु चयनित ग्राम पंचायत करेली में सामुदायिक सहभागिता के तहत रोटरी क्लब दुर्ग के सहयोग से स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
अजय कुमार साहू जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी जिला दुर्ग ने बताया कि धमधा क्षेत्र के सबसे अधिक कुपोषण से ग्रसित 5 ग्राम पंचायतों क़ो कुपोषण से मुक्त करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब दुर्ग और महिला बॉल विकास के माध्यम से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, इसके तहत ग्राम पंचायत करेली मे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद सदस्य सतरूपा पटेल, ग्राम सरपंच मेषराम साहू, ग्राम पंच मोरध्वज साहू एवं कृष्ण कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रोटरी क्लब से स्नेहा गुलाटी, लेखा जैन, सारिका अग्रवाल एवं उनकी टीम ने सहभागिता की।
शिविर में 71 महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं का शुगर, बीपी एवं हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। बाल संदर्भ शिविर के तहत डॉ. रितेश एवं डॉ. संगीता पात्रे ने कुपोषित बच्चों की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकों ने बच्चों के पालकों की काउंसलिंग कर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी। चिन्हांकित 9 गंभीर कुपोषित बच्चों को विभाग की ओर से दवाइयां वितरित की गईं। रोटरी क्लब द्वारा 44 कुपोषित बच्चों को सुपोषण किट प्रदान की गई तथा पालकों को किट के प्रतिदिन उपयोग की विधि समझाई गई।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी पूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में महिलाओं को इंटरनेट, मोबाइल एवं कंप्यूटर का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, मजबूत पासवर्ड बनाने, ओटीपी एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने, एवं ई-मेल से सावधान रहने तथा केवल विश्वसनीय वेबसाइटों एवं मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी, साथ ही साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 को संपर्क करके जानकारी दी जानी चाहिए।
संदिग्ध लिंक, फिशिंग, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने की जानकारी दी गई।
मिशन समन्वयक जया चंद्राकर द्वारा विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्प लाइन,एनीमिया से बचाव मासिक धर्म स्वच्छता की जानकारी प्रदान की गई।
चंद्रप्रकाश पटेल परियोजना समन्वयक चाइल्ड लाइन द्वारा , चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई एवं लोकमनी साहू सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा बाल विवाह, स्पॉन्सरशिप, फॉस्टर केयर की जानकारी दी तथा मिशन शक्ति के अंतर्गत किशोरी बालिकाओं को सेनेटरी पैड का वितरण किया गया।
परियोजना अधिकारी कौशलेश देवांगन और सुपरवाइजर रीमा शुक्ला ने शिविर के उद्देश्य एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए कुपोषण चक्र को तोडऩे की आवश्यकता समझाई। उन्होंने बताया कि कुपोषण का चक्र किशोरियों, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है तथा इस चक्र को तोडक़र ही ग्राम को कुपोषण मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने इसके लिए सभी से सामूहिक प्रयास एवं सहयोग की अपील की।
शिविर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं, एएनएम चेतना चौहान, महिलाएं एवं किशोरियां उपस्थित रहीं।