दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 अगस्त। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के निर्देशन में जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा जी एच रायसोनी स्मृति संभाग स्तरीय स्कूल शतरंज स्पर्धा का शुभारंभ खालसा पब्लिक स्कूल के सभागार में खालसा एजुकेशन सोसायटी के चेयरमैन त्रिलोक सिंग ढिल्लन के मुख्य आतिथ्य एवं समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा की अध्यक्षता तथा खालसा एजुकेशन सोसायटी के उपाध्यक्ष कुलवीर सिंग सलूजा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र सिंग कबरवाल, सहसचिव बलबीर सिंग अरोरा, इंटरनेशनल आर्बिटर रॉकी देवांगन के विशेष आतिथ्य में किया गया।
जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत सचिव तुलसी सोनी ने बताया कि यह स्पर्धा रायसोनी स्पोर्ट्स एवं कल्चर फाउंडेशन एवं कल्पना प्रकाश वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से स्कूली बच्चों में दिमागी कौशल को बढ़ाने एवं शतरंज खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है। स्पर्धा में दुर्ग संभाग के 164 स्कूली छात्रों ने भाग लिया है। स्पर्धा में कुल 50 हजार रुपए नगद एवं 56 ट्रॉफी एवं मोमेंटो तथा भाग लेने वाले समस्त प्रतिभागियों को मेडल एवं ई सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। स्पर्धा के मुख्य निर्णायक इंटरनेशनल आर्बिटर रॉकी देवांगन एवं सहायक निर्णायक फीडे आर्बिटर अनिल शर्मा है। कार्यक्रम के अंत में जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।