दुर्ग

निर्माणाधीन मकान की सेंटरिंग प्लेट चोरी, 4 गिरफ्तार
23-Aug-2026 7:30 PM
निर्माणाधीन मकान की सेंटरिंग प्लेट चोरी, 4 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 23 अगस्त। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम उमरपोटी भाठा में निर्माणाधीन मकान से सेंटरिंग प्लेट चोरी मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई 45 नग लोहे की सेंटरिंग प्लेट, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपए है, बरामद की है। चोरी में इस्तेमाल महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 04 पीडी 8657 भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार हथखोज पारा निवासी ठेकेदार बाबूलाल साहू ने 21 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उमरपोटी भाठा में डमडम पाण्डेय की बाड़ी के पास निर्माणाधीन मकान में रखी करीब 63 नग सेंटरिंग प्लेट चोरी हो गई हैं। शिकायत पर उतई पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की पुलिस ने जांच की। मुखबिर सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान कर पूछताछ की गई, जिसमें चोरी की वारदात में शामिल होने की बात सामने आई। आरोपियों ने पिकअप वाहन से सेंटरिंग प्लेट ले जाने की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर 45 प्लेट और पिकअप  बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय ठाकुर, ईश्वर निषाद, चन्द्रहास आडिल  और ललित साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की। चारों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट