दुर्ग
प्रदेश सरपंच संघ की प्रथम बैठक, युगल किशोर साहू बने संगठन प्रभारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 18 अगस्त। छत्तीसगढ़ के ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने, सरपंचों के अधिकार एवं सम्मान की रक्षा करने तथा गांवों के विकास के लिए पर्याप्त वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार दिए जाने की मांग को लेकर प्रदेश सरपंच संघ की प्रथम महत्वपूर्ण बैठक पुरखौती मुक्तांगन, रायपुर में पांचों संभागों के सरपंच साथियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे सरपंचों ने एक स्वर में कहा कि ग्राम पंचायतों पर विकास की जिम्मेदारी लगातार बढ़ाई जा रही है, लेकिन पंचायतों को पर्याप्त अधिकार और संसाधन नहीं दिए जा रहे हैं। अब समय आ गया है कि प्रदेश के सरपंच एकजुट होकर अपनी आवाज को मजबूत करें और ग्राम पंचायतों के अधिकारों के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ें।
बैठक में संगठन को प्रदेश स्तर पर मजबूत स्वरूप देने के लिए जिला दुर्ग के युगल किशोर साहू अध्यक्ष सरपंच संघ जनपद पंचायत दुर्ग को प्रदेश संगठन प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ ही संभागवार प्रभारी एवं सहप्रभारियों का चयन किया गया, जिसमें दुर्ग संभाग प्रभारी नरेश शुक्ला, रायपुर संभाग प्रभारी पिंकेश्वर सिन्हा, रायपुर संभाग सहप्रभारी अनिल साहू एवं कोमल ध्रुव, बिलासपुर संभाग प्रभारी एनल घृतलहरे, सरगुजा संभाग प्रभारी तिलक कुमार नायक तथा बस्तर संभाग प्रभारी सोमेश नेताम का चयन कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी समय में प्रदेशभर के सरपंचों को व्यापक रूप से एकत्रित कर प्रदेश स्तरीय सरपंच संघ का विधिवत गठन किया जाएगा।
बैठक में लगभग 21 सूत्रीय मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। जिसमें सरपंचों की प्रमुख मांग जैसे विकास कार्यों के लिए पर्याप्त और स्वतंत्र वित्तीय अधिकार, सरपंच निधि के रूप में प्रतिवर्ष 3 लाख रुपये ताकि सरपंच अपने गांव की स्थानीय आवश्यकता और जनहित के अनुरूप विकास कार्य करा सकें। पंचायतों को केवल योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी देने के बजाय उन्हें निर्णय लेने और विकास कार्यों को संचालित करने की वास्तविक शक्ति भी प्रदान की जाए।
ग्राम पंचायतों को 50 लाख रुपये तक के विकास कार्य ग्राम पंचायत को कार्य एजेंसी बनाकर कराए जाएं और बाहरी ठेकेदारी प्रथा को समाप्त किया जाए।प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 में पूर्व में अपात्र हुए पात्र हितग्राहियों को ग्रामसभा के माध्यम से पात्र सूची में जोड़ा जाए, आवास राशि बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये की जाए तथा भूमिहीन हितग्राहियों के लिए भूमि उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। वृद्ध, विधवा, दिव्यांग एवं परित्यक्ता पेंशन के लिए हितग्राहियों के चयन में ग्रामसभा को अधिकार दिया जाए। 15वें एवं 16वें वित्त की राशि में जिला एवं जनपद स्तर पर होने वाली कटौती समाप्त कर अधिकतम राशि सीधे ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराने, राशि का निर्धारण वर्तमान जनसंख्या के आधार पर करने तथा ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए वित्तीय रूप से मजबूत बनाने की मांग की। ग्रामसभा द्वारा पारित प्रस्ताव के आधार पर कराए गए कार्यों के लिए सरपंचों पर अनावश्यक कार्रवाई न किए जाने तथा संबंधित नियमों में आवश्यक संशोधन करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
गौठानों में शेष राशि का उपयोग ग्रामहित एवं गौहित में करने का अधिकार ग्राम पंचायतों को देने, गौधाम योजना तत्काल प्रारंभ करने, आवारा पशुओं से किसानों की फसल बचाने के लिए पंचायतों को अलग से राशि उपलब्ध कराने तथा ग्राम पंचायत की घासभूमि को प्रस्ताव प्राप्त होने के तीन माह के भीतर आबादी भूमि घोषित कर पात्र ग्रामीणों को पट्टा देने की प्रक्रिया तेज करने की मांग की गई।--------