दुर्ग

जुआ-सट्टा : 7 महीने में 477 बंदी, 40 लाख कैश जब्त
02-Aug-2026 8:57 PM
जुआ-सट्टा : 7 महीने में 477 बंदी, 40 लाख कैश जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 2 अगस्त। जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने वर्ष 2026 में व्यापक अभियान चलाते हुए अवैध नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। जिले में दर्ज 120 प्रकरणों में 477 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 39 लाख 29 हजार 212 रुपये नकद, 522 मोबाइल फोन, 32 लैपटॉप और 70 मोटरसाइकिल/कार समेत करीब 1 करोड़ 65 लाख 54 हजार 430 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई।

दुर्ग पुलिस के अनुसार कार्रवाई का दायरा केवल मौके पर पकड़े गए आरोपियों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि सट्टा संचालन के पीछे सक्रिय संचालकों, आर्थिक लाभ लेने वालों, तकनीकी सहयोगियों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। ऑनलाइन सट्टा मामलों में मोबाइल, लैपटॉप, बैंक खातों, यूपीआई लेन-देन और सोशल मीडिया समेत डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है।

21 मामलों में संगठित अपराध की धाराएं

दुर्ग पुलिस ने नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए जुआ और सट्टे के 21 प्रकरणों में संगठित अपराध संबंधी धाराएं जोड़ी हैं। इसका उद्देश्य केवल छोटे स्तर के आरोपियों पर कार्रवाई करना नहीं बल्कि पूरे आपराधिक सिंडिकेट और उसके आर्थिक नेटवर्क को चिन्हित कर कार्रवाई करना है।

जुआ के 30 मामलों में 221 गिरफ्तार

जुआ के खिलाफ कार्रवाई में 30 प्रकरण दर्ज कर 221 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 22 लाख 80 हजार 415 रुपये नकद, 111 मोबाइल, 56 मोटरसाइकिल/कार और करीब 48.18 लाख रुपये मूल्य की अन्य सामग्री जब्त की गई।

सट्टे के 65 मामलों में 155 आरोपी

सट्टे के 65 प्रकरणों में 155 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने 9 लाख 22 हजार 677 रुपये नकद, 221 मोबाइल, 16 लैपटॉप, 8 मोटरसाइकिल/कार और करीब 63.96 लाख रुपये मूल्य की अन्य सामग्री जब्त की।

ऑनलाइन सट्टे में साइबर नेटवर्क पर वार

ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ 25 प्रकरणों में 101 आरोपी गिरफ्तार किए गए। कार्रवाई में 7 लाख 26 हजार 120 रुपये नकद, 190 मोबाइल, 16 लैपटॉप, 6 मोटरसाइकिल/कार और करीब 53.39 लाख रुपये मूल्य की अन्य सामग्री जब्त की गई।

दुर्ग पुलिस द्वारा साइबर तकनीक, डिजिटल साक्ष्य और वित्तीय लेन-देन के विश्लेषण से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की कडिय़ों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का फोकस अब केवल सट्टा खेलने वालों पर नहीं, बल्कि नेटवर्क के संचालकों और आर्थिक स्रोतों तक पहुंचने पर है।


अन्य पोस्ट