दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 जुलाई। भिलाई स्टील प्लांट के प्लेट मिल-3 क्षेत्र से लगभग 1.26 लाख रुपये मूल्य का 210 किलोग्राम स्क्रैप कॉपर (तांबा) चोरी करने के मामले में भिलाई भ_ी थाना पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी घटना के बाद से पिछले दो महीने से फरार चल रहे थे। मुख्य आरोपी को घटना वाले दिन ही पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जिसके बाद अब गिरोह के तीनों सदस्य सलाखों के पीछे पहुँच चुके हैं।
24 मई को हुई थी वारदात
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 24 मई को घटी थी। बीएसपी की प्लेट मिल के पीछे कुछ असमाजिक तत्वों ने बिना अनुमति परिसर में प्रवेश किया और स्क्रैप कॉपर चोरी करने का प्रयास किया। गश्त के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने आरोपियों को चोरी करते रंगे हाथों देख लिया था। इसके बाद सीआईएसएफ द्वारा भिलाई भ_ी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
मुख्य आरोपी से बरामद हुआ था 1.26 लाख का तांबा
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नेमचंद यादव (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया था। उसके कब्जे से चोरी हुआ पूरा 210 किलो स्क्रैप कॉपर बरामद किया गया था, जिसकी बाज़ार में कीमत लगभग 1.26 लाख रुपये आंकी गई। मुख्य आरोपी को 24 मई को ही अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
घेराबंदी कर दबोचा
वारदात में शामिल दो अन्य साथी आकाश कुहीकर कुरूद और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू मरोदा घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहे थे। 27 जुलाई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर भिलाई भ_ी पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मुख्य आरोपी नेमचंद यादव के साथ मिलकर भिलाई स्टील प्लांट में घुसकर कॉपर चोरी की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।