दुर्ग

बीआईटी दुर्ग में भारतीय ज्ञान प्रणाली पर व्याख्यान
28-Jul-2026 5:04 PM
बीआईटी दुर्ग में भारतीय ज्ञान प्रणाली पर व्याख्यान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 जुलाई।
बी.आई.टी. दुर्ग में द्वितीय वर्ष के इंजीनियरिंग छात्रों के लिए इंडियन नॉलेज सिस्टम विषय पर एक प्रेरक व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राम रघुनाथ प्रभु थे, जो इस्कॉन, मुंबई के सचिव हैं ।
उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन में सीखना अत्यंत आवश्यक है और इसका कोई अंत नहीं है। निरंतर सीखते रहना ही ज्ञान प्राप्ति का वास्तविक मार्ग है। छात्रों ने स्वामी जी से जीवन में गीता का महत्व और ईश्वर का साक्ष्य जैसे प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर उन्होंने अत्यंत सरल भाषा और जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से दिया। उन्होंने बताया कि जीवन प्रबंधन के लिए गीता के उपदेश अत्यंत प्रासंगिक हैं, जो समय और परिस्थितियों के प्रभाव से परे हैं।
इस कार्यक्रम के प्रणेता बी.आई.टी. के प्राचार्य डॉ. अनुप मिश्रा थे। उन्होंने छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए गीता के मूल सिद्धांतों को समझने पर बल दिया। डॉ. ए.के. त्रिपाठी, छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय के इंडियन नॉलेज सिस्टम के समन्वयक ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। कार्यक्रम के संयोजक  विभागाध्यक्ष डॉ. एस.पी. शुक्ला और प्रभारी डॉ. नागेंद्र त्रिपाठी, प्राध्यापक, इलेक्ट्रिकल विभाग थे। इस अवसर पर डॉ. शुभ्रता नागपाल, डॉ. एनी थॉमस, डॉ. अरुण कुमार सहित लगभग 300 छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुश्री सोनोरा दीक्षित ने किया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी प्रस्तुत किया।


अन्य पोस्ट