दुर्ग

दुर्ग बना छत्तीसगढ़ का पहला पूर्ण डिजिटल एफआईआर जिला
24-Jul-2026 4:18 PM
दुर्ग बना छत्तीसगढ़ का पहला पूर्ण डिजिटल एफआईआर जिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 24 जुलाई। दुर्ग जिला छत्तीसगढ़ में पूर्णत: डिजिटल एफआईआर प्रणाली लागू करने वाला पहला जिला बन गया है। अब जिले के सभी थानों में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से की जा रही है। इस व्यवस्था में विवेचक (जांच अधिकारी) के साथ-साथ प्रार्थी के भी ई-साइन (डिजिटल हस्ताक्षर) लिए जा रहे हैं, जिससे एफआईआर प्रक्रिया पूरी तरह पेपरलेस और तकनीक आधारित हो गई है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए ई-पेन के माध्यम से थाना भिलाई नगर में प्रार्थी का पहला सफल ई-साइन कराया गया। इसके साथ ही दुर्ग जिले में विवेचक और प्रार्थी दोनों के डिजिटल हस्ताक्षरों के जरिए एफआईआर दर्ज करने की व्यवस्था पूरी तरह लागू हो गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में जिले के सभी विवेचक शत-प्रतिशत ई-साइन के माध्यम से एफआईआर की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। नई व्यवस्था से एफआईआर पंजीयन अधिक पारदर्शी, सुरक्षित, समयबद्ध और नागरिक-अनुकूल बनेगा। साथ ही डिजिटल रिकॉर्ड के बेहतर संधारण और दस्तावेजों के सुरक्षित संरक्षण में भी यह प्रणाली महत्वपूर्ण साबित होगी।

दुर्ग पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से पुलिस सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाया जा रहा है। डिजिटल एफआईआर प्रणाली इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे लोगों को तेज, सरल और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।


अन्य पोस्ट