दुर्ग
भिलाई नगर, 23 जुलाई। लोक कला एवं साहित्य संस्थान सिरजन,दुर्ग जिला द्वारा 24 जुलाई को संध्या 4 बजे निर्मल ज्ञान मंदिर,कबीर आश्रम नेहरू नगर भिलाई में पुस्तक विमोचन कार्यक्रम रखा गया है। इस अवसर पर विभिन्न चार साहित्यकारों के पुस्तकों में डॉ.डी.पी.देशमुख लिखित छत्तीसगढ़ी उपन्यास ‘बड़े दाऊजी’, डॉ.दीनदयाल साहू का छत्तीसगढ़ी उपन्यास ‘सोनहा माटी’, एवं डॉ.गिरधर चंद्रा लिखित दो हिन्दी काव्य संग्रह क्रमश: ‘अंतर्मन के शब्द’ व ‘भावों की अभिव्यक्ति’ का विमोचन होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ.संजय तिवारी कुलपति, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग रायपुर के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा करेंगे।
इस अवसर पर अतिविशिष्ट अतिथि डॉ.परदेशी राम वर्मा, वरिष्ठ साहित्यकार भिलाई, डॉ.दीनदयाल दिल्लीवार,प्रभारी प्राचार्य,शास.नवीन महाविद्यालय बेलोदी,जिला बालोद, डॉ.वेदवती मंडावी समाजसेवी व साहित्यकार भिलाई, डॉ.सुधीर शर्मा वरिष्ठ साहित्यकार रायपुर एवं निर्मल ज्ञान मंदिर के ट्रस्टी अध्यक्ष आत्मा राम साहू होंगे। उक्ताशय की जानकारी सिरजन जिला दुर्ग अध्यक्ष लालजी साहू ने देते हुए अधिक से अधिक कलाकारों, साहित्यकारों एवं समाजसेवियों को कार्यक्रम में उपस्थित होने का अनुरोध किया है।