दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 22 जुलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार मंगलवार को जोन क्रमांक-01 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-07 राधिका नगर एवं वार्ड क्रमांक-08 कृष्णा नगर क्षेत्र में निगम की टीम द्वारा निरीक्षण एवं चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने, सडक़ बाधा उत्पन्न करने तथा साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ जुर्माना वसूला गया।
निगम की टीम ने क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए दुकानदारों को प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों एवं सडक़ पर किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस प्रकार निगम की टीम द्वारा कुल 1100 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। निगम ने नागरिकों एवं व्यवसायियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें, सडक़ एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण या बाधा उत्पन्न न करें तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद कर स्वच्छ एवं सुंदर भिलाई के निर्माण में सहयोग करें।