दुर्ग

महिला की हत्या, 2 आरोपी बंदी
21-Jul-2026 7:51 PM
महिला की हत्या, 2 आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 21 जुलाई। दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नाला फ्लाईओवर के पास मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। शराब के नशे में धुत दो युवकों ने महिला को रूपयों का प्रलोभन दे सूनसान जगह ले जाकर रेप का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने और पुलिस में शिकायत की धमकी देने पर आरोपियों ने गमछे से गला घोंट और भारी बोल्डर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

पुलगांव पुलिस ने साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से महज कुछ ही घंटों के भीतर अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ज्ञात हो कि पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाडिय़ों में महिला की लाश मिली थी। पुलगांव पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया था। आरोपी हर्ष यादव निवासी ग्राम पीसेगांव थाना पुलगांव और नितेश ठाकुर  निवासी चंदखुरी थाना पुलगांव दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त भारी बोल्डर पत्थर, खून से सने कपड़े व अन्य साक्ष्य भी बरामद हुआ है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 16 जुलाई को आरोपी हर्ष यादव और नितेश ठाकुर बाइक से घूम-घूमकर शराब पी रहे थे। तहसील कार्यालय दुर्ग के पास उन्हें पीडि़ता मिली। आरोपियों ने उसे रूपयों का लालच दिया और ई-रिक्शा में बैठाकर पुलगांव नाला स्थित पुराने पुल के पास सूनसान झाडिय़ों में ले गए। सुनसान जगह पहुंचते ही दोनों ने महिला से जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। महिला ने बहादुरी से विरोध किया और पुलिस से शिकायत करने की चेतावनी दी।

पुलिस के खौफ से घबराकर हर्ष यादव ने अपने गमछे से महिला का गला दबाया, जबकि नितेश ठाकुर और हर्ष ने बारी-बारी से पास पड़े भारी बोल्डर पत्थर से महिला के सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।वारदात के बाद दोनों आरोपी पैदल पुलगांव चौक पहुंचे, वहां से लिफ्ट लेकर चंदखुरी भाग गए। पकड़े जाने के डर से दोनों ने अपने खून से सने कपड़े बदलकर छिपा दिए थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

गौरतलब हो कि 16 जुलाई को पीडि़ता घर से मजदूरी के लिए निकली, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी तब परिजनों ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 17 जुलाई को पुलगांव नाला के पास झाडिय़ों में शव बरामद हुआ। मच्र्युरी में परिजनों ने पहचान की। पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय ई-रिक्शा चालकों व मजदूरों से पूछताछ की।

संदेही नितेश और हर्ष को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उनके बयानों के विरोधाभास ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट