दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 जुलाई। चंद्रशेखर आज़ाद स्कूल में विद्यार्थियों के कथित रूप से संदिग्ध दवाइयों/नशीले पदार्थ के संपर्क में आने से तबीयत बिगडऩे की घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर ने शनिवार को जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से गंजपारा होते हुए कोतवाली थाना तक पैदल मार्च निकाला तथा पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच की मांग की।
इस अवसर पर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि हाल ही में 6-7 स्कूली विद्यार्थियों के एक साथ बीमार पडऩे की घटना ने पूरे शहर के अभिभावकों को चिंता में डाल दिया है। विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र होता है, ऐसे में यदि किसी भी प्रकार की दवा या नशीला पदार्थ विद्यार्थियों तक पहुंचता है तो यह अत्यंत गंभीर विषय है और इसकी हर पहलू से गहन जांच होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संबंधित छात्र के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) भाई ने पुलिस के समक्ष यह जानकारी दी है कि वह अवसाद (डिप्रेशन) से पीडि़त है तथा चिकित्सकीय सलाह पर एंटी-साइकोटिक दवाइयों का सेवन करता है। उसका यह भी कहना है कि संबंधित दवा उसका छोटा भाई अनजाने में घर से स्कूल ले गया था। यदि ऐसा है तो इसकी वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। पैदल मार्च एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, रायसिंह दिकोला, राजेश यादव, प्रेमलता साहू, दीपक साहू, अविनाश यादव, अब्दुल गनी, ब्लॉक अध्यक्ष अल्ताफ अहमद, आनंद कपूर ताम्रकार, कुलदीप भाटिया, देवश्री साहू, ज्ञानू बांगडे, प्रवक्ता सुशील भारद्वाज, ओमप्रकाश जोशी, रत्ना नारमदेव, निकिता मिलिंद, बिंदु राजपूत, मुकेश साहू, मीना पॉल, मीना मानिकपुरी, सरिता ताम्रकार, अविनाश कुमार निषाद, काशीराम रात्रे, सुनीत घोष, अशोक मेहरा, भूपेंद्र सेन, रघुवीर साहू, देव सिंह, बंटी नवरंग, देवेंद्र मारकंडे, चिराग शर्मा, आयुष शर्मा, मनीष सोनवानी, सोनू साहू, संजय सिंह, शिव वैष्णव, नंदकिशोर शर्मा, गौरव उमरे, अश्वनी निषाद, मनोज सिन्हा, शत्रुघ्न चक्रधारी, रवि कोसरिया, राजा विक्रम बघेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।