दुर्ग

अतिथि शिक्षकों का सेवा सदन कूच, धरना-प्रदर्शन
21-Jul-2026 7:46 PM
अतिथि शिक्षकों का सेवा सदन कूच, धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 21 जुलाई। राज्य अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) कल्याण संघ, छत्तीसगढ़ का अनिश्चितकालीन आंदोलन सोमवार को 20वें दिन भी जारी रहा। जिला शिक्षा कार्यालय के समीप धरना स्थल से ये अतिथि शिक्षक रैली की शक्ल में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के कार्यालय सेवा सदन की ओर कूच किए।

पुलिस की चाक चौबंध सुरक्षा व्यवस्था के चलते सेवा सदन के दोनों बैरिकेट्स लगे हुए थे। इस वजह से ये अतिथि शिक्षक सेवा सदन के सामने सडक़ पर बैठकर प्रदर्शन करते रहे, जो देर शाम तक चलता रहा। गीत, संगीत के माध्यम से अतिथि शिक्षकों ने अपनी वर्षों पुरानी समस्याओं, उपेक्षा और नियमितीकरण की मांग को प्रभावी ढंग से जनसामान्य के सामने रखा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षिकाएं मौजूद थी।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के हजारों राज्य अतिथि शिक्षक वर्षों से शासकीय विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें न तो रोजगार की सुरक्षा प्राप्त है और न ही समान कार्य के अनुरूप वेतन। संगठन की प्रमुख मांगें संविलियन/समायोजन तथा समान काम, समान वेतन हैं, जिन पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। संघ का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश के हजारों राज्य अतिथि शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षित भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में न्याय की मांग है। जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट