दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 जुलाई। भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई ने संयोजक विनोद उपाध्याय के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), दुर्ग विजय अग्रवाल से सौजन्य भेंट कर जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के खुलने एवं अवकाश होने के समय विशेष रूप से महिला पुलिस की पिंक पेट्रोल यूनिट की नियमित तैनाती तथा सामान्य पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि पिंक पेट्रोल यूनिट की प्रभावी उपस्थिति से छात्राओं में सुरक्षा एवं आत्मविश्वास की भावना बढ़ेगी तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास सक्रिय असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि शहर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास कुछ असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों द्वारा छात्राओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग, छींटाकशी, पीछा करना तथा छेड़छाड़ जैसी घटनाएं की जाती हैं, जिससे छात्राओं एवं उनके अभिभावकों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण निर्मित होता है। भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई ने एसएसपी विजय अग्रवाल से इन घटनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेकर प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया।
एसएसपी ने भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई के पदाधिकारियों का परिचय प्राप्त करते हुए बताया कि दुर्ग जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों एवं महाविद्यालयों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराया जा चुका है। सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का परीक्षण किया गया है तथा शिक्षण संस्थानों के आसपास पान-ठेलों एवं नशे से संबंधित अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई के संयोजक विनोद उपाध्याय, सहसंयोजक अंबिका प्रसाद द्विवेदी, सुश्री नीता चौरसिया, मीडिया प्रभारी गुरुनाम सिंह, शारदा गुप्ता, विवेक यादव, वैभव, संतोष जायसवाल, अफजल अहमद तथा धीरेन्द्र प्रसाद सहित भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।