दुर्ग

तेज रफ्तार बाइक ने राहगीर को मारी टक्कर, सिपाही ने पहुंचाया अस्पताल
14-Jul-2026 7:20 PM
तेज रफ्तार बाइक ने राहगीर को मारी टक्कर, सिपाही ने पहुंचाया अस्पताल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 14 जुलाई। नेवई पेट्रोल पंप के सामने एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से पैदल राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक चालक घायल व्यक्ति को सडक़ पर ही छोडक़र मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे नेवई थाने के आरक्षक विजय कुर्रे ने संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर उसका उपचार शुरू हो सका।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि राहगीर सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसी दौरान वहां से गुजर रहे आरक्षक विजय कुर्रे की नजर घायल पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए मौके पर मौजूद अन्य नागरिकों की मदद से घायल को सुरक्षित उठाया और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। आरक्षक की इस त्वरित कार्रवाई के कारण घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।

हादसे के बाद आरक्षक विजय कुर्रे द्वारा निभाई गई इस सक्रिय भूमिका की स्थानीय लोगों और राहगीरों ने जमकर प्रशंसा की है। नागरिकों का कहना है कि संकट के समय पुलिस जवान द्वारा तत्परता दिखाना और पीडि़त की मदद के लिए आगे आना सराहनीय है, जिससे पुलिस प्रशासन के प्रति आम जनता का विश्वास और सुदृढ़ होता है।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद नेवई थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में ले लिया है। पुलिस टीम दुर्घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर फरार मोटरसाइकिल चालक की तलाश में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट