दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 जुलाई। बारिश में हुई विलंब के चलते जिले में जारी खरीफ में पिछले साल के मुकाबले बोनी का कार्य पिछड़ गया है। अब बारिश थमने के बाद कृषि कार्य में गति आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक कुल लक्ष्य का मात्र 58 प्रतिशत क्षेत्र में ही फसल क्षेत्राच्छादन हो पाया है जबकि सामान्य स्थिति में आज की तिथि तक लगभग 80 प्रतिशत क्षेत्र में फसल क्षेत्राच्छादन हो जाता है। तीन दिन पहले तक 50 प्रतिशत भी बारिश नहीं हुई थी मगर जिले में अब आज की तिथि में सामान्य वर्षा का 126 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। इससे खंड व अल्प वर्षा को लेकर निराश किसानों ने राहत महसूस की है।
बारिश को लेकर प्राप्त आंकड़े के अनुसार जिले में आज 20.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, इसे मिलाकर जिले में अब तक 275.7 मिमी वर्षा हो चुकी है जो कि सामान्य वर्षा 217.7 से 58 मिमी अधिक है। जिले के बोरी तहसील में सर्वाधिक 365 मिमी वर्षा हो चुकी है जो कि क्षेत्र के सामान्य वर्षा का 255 प्रतिशत है।
सबसे कम 87.9 प्रतिशत वर्षा भिलाई 3 तहसील में हुई है। इसी प्रकार अहिवारा 135, धमधा 132, दुर्ग 125 एवं पाटन तहसील अंतर्गत 97.1 प्रतिशत वर्षा हो चुकी है। इधर तीन दिनों तक हुई अच्छी बारिश के बाद जलाशयों में जल भराव भी पहले से बेहतर हुआ है। इस बारिश के बाद स्वयं के साधन वाले किसानों ने रोपाई का कार्य शुरू कर दिया है। बारिश थमने के साथ शिवनाथ नदी में बाढ़ का खतरा भी टल गया है। शिवनाथ जल स्तर अब धीरे धीरे घट रहा। सोमवार शाम तक नदी पर स्थित महमरा एनीकट के साढ़े पांच फीट ऊपर तक पानी था जो घट कर अब एनीकट 3 फीट ऊपर तक पानी का बहाव हो रहा है।