दुर्ग
डुंडेरा के ग्रामीणों की अनूठी पहल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 7 जुलाई। दुर्ग जिले के ग्राम डुंडेरा में ग्रामीणों ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक सराहनीय सामूहिक पहल की है। ग्रामीणों के सहयोग से स्थानीय शासकीय प्राथमिक शाला में कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चों को निशुल्क शिक्षण किट (स्कूल बैग, कॉपियां, पानी की बोतल और लेखन सामग्री) वितरित की गई।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू रहे। उन्होंने इस अवसर पर अपने कार्यकाल के दौरान स्वीकृत कराए गए शाला के अतिरिक्त भवन का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामेश्वरी दिवाकर गायकवाड़ ने की।
मुख्य अतिथि ताम्रध्वज साहू ने ग्रामीणों की इस पहल की खुले दिल से सराहना करते हुए कहा- शिक्षा और पर्यावरण के प्रति इस तरह के रचनात्मक कार्यों के लिए समाज को आगे आना चाहिए। शाला में नवप्रवेशित (नए एडमिशन लेने वाले) बच्चों के सम्मान और उन्हें शिक्षण किट मिलने से सरकारी स्कूलों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। इससे न केवल दाखिलों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि बच्चों की पढ़ाई के प्रति रुचि भी जागेगी।
कार्यक्रम के संयोजक पवन बंजारे ने बताया कि ग्रामीणों के आपसी सहयोग से गांव में पहली बार इस तरह की व्यवस्था की गई है। सरकारी स्कूल में प्रवेश लेने वाले बच्चों के लिए बैग, कॉपी, पानी की बोतल, पेन और पेंसिल की निशुल्क व्यवस्था की गई है, जो ग्रामीणों द्वारा ग्रामीण शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
शाला परिसर में फलदार
पौधों का रोपण
कार्यक्रम के दौरान शाला परिसर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से पौधरोपण भी किया गया। महानायक अमिताभ बच्चन के हाथों पुरस्कृत हो चुके सुप्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता रोमशंकर यादव के मार्गदर्शन में अतिथियों और ग्रामीणों ने परिसर में अमरूद, इमली और सीताफल जैसे फलदार पौधों का रोपण किया।
इस आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में सतीश यादव, दाऊ चंद्रशेखर चंद्राकर, पार्षद रोहित धनकर, सिविल ठेकेदार चेतन साहू, वरिष्ठ नेता अशोक साहू, खुमान सिंह यादव, साहू समाज के अध्यक्ष संजय साहू, विजय साहू, पंडित भीखम शर्मा, उमाशंकर साहू, धनेश्वर साहू, मनोज बंजारे और राकेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में स्कूल के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और ग्रामवासी उपस्थित रहे।