दुर्ग

ई-टिकटों का अवैध कारोबार, आरोपी गिरफ्तार
04-Jul-2026 4:12 PM
ई-टिकटों का अवैध कारोबार, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 जुलाई।
रेलवे ई-टिकटों के अवैध कारोबार के खिलाफ आरपीएफ दुर्ग ने कार्रवाई करते हुए उतई स्थित एक ऑनलाइन एवं चॉइस सेंटर के  संचालक भोज कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से व्यक्तिगत यूजर आईडी से बनाए गए कई रेलवे आरक्षित ई-टिकट बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है।
आरपीएफ थाना प्रभारी एसके सिन्हा ने बताया कि रेलवे टिकटों के अवैध व्यापार के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत उप निरीक्षक सनातन थनापति एवं आरक्षक एसआर मीणा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर उतई के सद्भावना चौक स्थित एडविक ऑनलाइन एवं चॉइस सेंटर की जांच की। जांच के दौरान दुकान संचालक भोज कुमार साहू निवासी घुघवा, थाना भिलाई-3 को रेलवे ई-टिकटों का अवैध कारोबार करते पाया गया।  
आरोपी अपने व्यक्तिगत आईआरसीटीसी यूज कर यात्रियों के लिए टिकट बुक कर रहा था, जो रेलवे अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है। टीम ने आरोपी के पास से 9 रेलवे आरक्षित ई-टिकट बरामद किए, जिनकी कीमत 16,290 रुपए है। इनमें दो लाइव टिकट भी शामिल हैं, जिनका मूल्य करीब 7,259 रुपए है, को जब्त किया है।


अन्य पोस्ट