दुर्ग

10 हजार रिश्वत लेते लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार
03-Jul-2026 4:22 PM
10 हजार रिश्वत लेते  लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 3 जुलाई। जीपीएफ से अपनी ही जमा राशि निकालने की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर रिश्वत मांगना सिंचाई विभाग के एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। मौके पर पहुंची एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने आरोपी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक सिंचाई विभाग की विद्युत यांत्रिकी शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने विभाग के ही बाबू नंद कुमार कावडे से जीपीएफ खाते से 5 लाख रुपये निकालने की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने बेटी की शादी के लिए यह राशि निकालने का आवेदन दिया था।

रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने एसीबी से शिकायत की। शिकायत का सत्यापन होने के बाद निरीक्षक सुरेश सोनी के नेतृत्व में रायपुर से पहुंची 15 सदस्यीय टीम ने दुर्ग में ट्रैप की कार्रवाई की। एसीबी की टीम ने दुर्ग के सर्किट हाउस में जाल बिछाया। जैसे ही शिव कुमार ठाकुर ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसीबी के निरीक्षक सुरेश सोनी ने बताया कि शिकायतकर्ता नंद कुमार कावडे ने शिकायत की थी कि सिंचाई विभाग की विद्युत यांत्रिक की शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड 2 शिव कुमार ठाकुर जीपीएफ की राशि निकालने के लिए उससे रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने पर मामले का सत्यापन किया गया। शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।


अन्य पोस्ट