दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 30 जून। पुलिस लाइन दुर्ग स्थित दधीचि सभागार में 29 जून को प्रशिक्षणाधीन 47 उप निरीक्षकों और 01 सूबेदार के लिए प्रशिक्षण समीक्षा एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक (दुर्ग रेंज) अभिषेक शांडिल्य ने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा अर्जित व्यावसायिक ज्ञान, अनुशासन और व्यावहारिक दक्षता की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिसिंग में हो रहे तकनीकी परिवर्तनों का उल्लेख करते हुए प्रशिक्षुओं को विभिन्न डिजिटल प्रणालियों के प्रभावी उपयोग में दक्षता प्राप्त करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान, केस डायरी लेखन, समयबद्ध विवेचना, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण और न्यायालयीन प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाते हुए व्यवहारिक ज्ञान, गुणवत्तापूर्ण लिखा-पढ़ी, अनुसंधान कौशल, न्यायालयीन कार्यवाही, वैज्ञानिक विवेचना एवं तकनीकी दक्षता विकसित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान अर्जित ज्ञान और अनुशासन भविष्य की कार्य संस्कृति का आधार बनते हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को शारीरिक व मानसिक रूप से सक्षम रहने तथा निष्पक्षता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष विवेचना की जानी चाहिए और आम नागरिकों के साथ सकारात्मक व्यवहार बनाए रखना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने अनुसंधान, साइबर अपराध, तकनीकी पुलिसिंग, विवेचना और न्यायालयीन कार्यवाही से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं प्रस्तुत कीं, जिनका पुलिस महानिरीक्षक द्वारा समाधान किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व नोडल अधिकारी मणिशंकर चन्द्रा, सहायक नोडल अधिकारी व डीएसपी लाइन चंद्र प्रकाश तिवारी तथा रक्षित निरीक्षक नीलकंठ सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।