दुर्ग

भारत-यूके बिजनेस डेलिगेशन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल संवाद में जितेंद्र गुप्ता की सहभागिता
29-Jun-2026 3:06 PM
भारत-यूके बिजनेस डेलिगेशन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल संवाद में जितेंद्र गुप्ता की सहभागिता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 29 जून। भारत सरकार एवं एफआईसीसीआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भारत-यूके बिजनेस डेलिगेशन कार्यक्रम का दो दिवसीय सफल आयोजन लंदन में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में भारत के विभिन्न राज्यों से आए उद्योगपतियों, उद्यमियों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों, निर्यातकों एवं एमएसएमई क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

छत्तीसगढ़ से डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता, अध्यक्ष उद्योग चेम्बर भिलाई, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं सीईओ, जेपी इंजीनियरिंग, भिलाई ने प्रतिनिधि के रूप में सहभागिता करते हुए कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित बिजनेस प्लेनरी एवं एमएसएमई संवाद सत्र में  पीयूष गोयल ने प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की तथा भारत सरकार की उद्योग, निवेश, निर्यात संवर्धन एवं एमएसएमई विकास संबंधी नीतियों की जानकारी साझा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि भारत सरकार एमएसएमई क्षेत्र को वैश्विक बाजारों से जोडऩे, निर्यात क्षमता बढ़ाने तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस संवाद सत्र के दौरान सभी प्रतिनिधियों को अपना परिचय देने एवं अपने-अपने उद्योग, व्यवसाय एवं कार्यक्षेत्र के बारे में जानकारी प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया। प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा भारत और यूनाइटेड किंगडम के मध्य व्यापार, निवेश, तकनीकी सहयोग, उन्नत विनिर्माण, हरित ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं नवाचार के क्षेत्रों में संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।

डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि यह यात्रा केवल एक प्रतिनिधिमंडल कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय उद्योगों विशेषकर छत्तीसगढ़ के एमएसएमई एवं विनिर्माण क्षेत्र के लिए वैश्विक अवसरों के द्वार खोलने वाला महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुई है। इस दौरान स्थापित हुए संपर्क, प्राप्त अनुभव एवं व्यावसायिक अवसर प्रदेश के औद्योगिक विकास में सहायक होंगे।

डॉ. गुप्ता ने भारत सरकार, एफआईसीसीआई, पीयूष गोयल , छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज तथा सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस यात्रा से प्राप्त अनुभवों को प्रदेश के उद्यमियों तक पहुँचाने एवं स्थानीय उद्योगों को वैश्विक बाजार से जोडऩे हेतु निरंतर प्रयासरत रहेंगे।  यह जानकारी मिडिया प्रभारी शंकर सचदेव ने दी।


अन्य पोस्ट