दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 जून। भारतमाला प्रोजेक्ट में धर्म कांटा से छेड़छाड़ कर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले ऑपरेटर को उतई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में कारोबारी फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक आरोपी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगाकर स्क्रैप का वजन कम कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक भारतमाला सडक़ परियोजना में कार्यरत एसएमएस लिमिटेड कंपनी के धर्म कांटा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगाकर स्क्रैप की तौल में हेरा फेरी करने वाले मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। कंपनी की शिकायत पर उतई पुलिस ने धर्म कांटा ऑपरेटर कुंदन राम साहू और स्क्रेप कारोबारी अवतार सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया था और जांच शुरू कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी कुंदन राम साहू को गिरफ्तार कर लिया है वहीं दूसरा आरोपी फरार है।
पुलिस ने बताया कि एसएमएस लिमिटेड में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत नागेंद्र श्रीराम शर्मा ने उतई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि भारतमाला प्रोजेक्ट से निकलने वाले स्क्रेप की बिक्री टेंडर के माध्यम से गुरुदेव स्क्रैप ट्रेडर्स को की गई थी।
फर्म की ओर से रायपुर निवासी अवतार सिंह इस स्क्रैप से भारी वाहनों की तौल साइट पर स्थापित धर्म कांटा मशीन में कराता था। कंपनी को कुछ दिनों से धर्म कांटा की रीडिंग पर संदेह था। वजन में लगातार अंतर मिलने पर सर्विस इंजीनियर को बुलाकर मशीन की जांच कराई गई थी।
जांच में धर्म कांटा मशीन के भीतर एक अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगी हुई थी जिससे रीडिंग कम किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी कुंदन राम साहू एवं अवतार सिंह के खिलाफ धारा 3 (5), 316 (4), 318 (4) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।