दुर्ग

योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार-प्राचार्य
23-Jun-2026 3:54 PM
योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार-प्राचार्य

केंद्रीय विद्यालय सीआईएसएफ उतई में मना अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 23 जून। केंद्रीय विद्यालय, सीआईएसएफ भिलाई उतई में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ है । जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के क्रीड़ा शिक्षक विनोद कुमार टैबुन्ना एवं योग शिक्षिका रितु कुंभकार के कुशल मार्गदर्शन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य भुवनेश्वरी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं मानसिक दृढ़ता का विकास करता है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना समय की आवश्यकता है। यदि हम प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालें तो अनेक शारीरिक एवं मानसिक रोगों से बचते हुए स्वस्थ एवं सुखी जीवन व्यतीत कर सकते हैं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अनिल कुमार शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सभी उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए योग को जीवन का नियमित हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।


अन्य पोस्ट