दुर्ग
जांच में जुटी पुलिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 जून। ग्राम सेलूद थाना उतई में भाजपा नेता और पूर्व उप सरपंच तारेंद्र बंछोर (50) ने आत्महत्या कर ली। उनका शव चार बांधा तालाब के पास मंदिर परिसर में पेड़ पर फंदे से लटकता मिला है। अपने कार्यकाल में ही उन्होंने मंदिर बनवाया था और पेड़ लगाया था वहीं पर उनकी फांसी के फंदे पर लटकी लाश मिली।
तारेंद्र भाजपा से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता थे और पूर्व उपसरपंच के रूप में भी कार्य कर चुके थे। वे सांसद विजय बघेल के समर्थकों में गिने जाते थे। पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ग्रामीणों ने सुबह पेड़ पर लटका तारेंद्र बंछोर का शव देखा। उन्होंने तत्काल उतई पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। लोगों ने बताया कि कुछ दिनों पहले तारेंद्र बंछोर की तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुसाइड की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
उतई पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


